नेता प्रतिपक्ष ने चलाया जनसंपर्क अभियान, लोगों को नहर खुदाई में शामिल होने का दिया न्यौता
सिरसा, 8 फरवरी : इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने एसवाईएल की खुदाई के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र में तीन दिवसीय व्यापक जनजागरण अभियान छेड़ दिया है और लोगों से नहर खुदाई के काम में बढ़ चढक़र भाग लेने का आह्वान किया है। इनेलो नेता ने कहा कि एसवाईएल का पानी हरियाणा में आने से न सिर्फ लोगों की पीने के पानी की समस्या दूर होगी बल्कि हरियाणा की बंजर भूमि भी खुशहाल हो जाएगी और प्रदेश को करोड़ों रुपए का फसल उत्पादन से फायदा होगा। इनेलो नेता ने कांग्रेस व भाजपा पर एसवाईएल के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस व भाजपा एसवाईएल के लिए गम्भीर नहीं है और इस मुद्दे पर मात्र वोट की राजनीति की जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने लोगों से बड़ी संख्या में 23 फरवरी को अम्बाला शहर स्थित नई सब्जी मंडी में पहुंचने का आह्वान करते हुए कहा कि वहां से वे प्रदेशवासियों को साथ लेकर इस्माइलपुर के पास स्थित पंजाब सीमा से नहर खुदाई का काम शुरू करेंगे। इनेलो नेता ने कहा कि हरियाणा चौधरी देवीलाल का बनाया हुआ प्रदेश है और अलग राज्य बनने के बावजूद अभी तक हरियाणा को अपने हिस्से का पानी न मिलना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का फैसला हरियाणा के पक्ष में आ चुका है और इस अदालती फैसले के अनुसार नहर के अधूरे निर्माण को पूरा करवाने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। इनेलो नेता ने कहा कि दस साल तक केंद्र व प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही लेकिन नहर निर्माण के काम में प्रदेश के कांग्रेसी नेताओं ने कोई दिलचस्पी दिखाना तो दूर एक शब्द तक नहीं बोला। इनेलो नेता ने कहा कि पिछले अढाई सालों से हरियाणा व केंद्र में भाजपा की सरकार है और पंजाब में भी भाजपा सरकार में हिस्सेदार है इसके बावजूद नहर का निर्माण न होना न सिर्फ सर्वोच्च न्यायालय की अवमानना है बल्कि केंद्र सरकार की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगाता है।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने आज अपना तीन दिवसीय दौरा हलका ऐलनाबाद के गांव अरनियावाली से आरम्भ किया और विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभाओं को सबोधित करते हुए 23 फरवरी को ग्रामीणों को एसवाईएल नहर की खुदाई हेतु आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि 23 फरवरी को हरियाणा भर से लाखों लोग नहर खुदाई हेतु पहुंचेंगे और हर हाल में नहर की खुदाई करके ही दम लेंगे क्योंकि इस नहर का पानी हरियाणा के किसानों की आर्थिक स्थिति से संबध रखता है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने जाट आरक्षण मुद्दे पर बोलते हुए कहा कि सरकार ने अब जो कमेटी बनाई है वह महत्वहीन है और जाटों के साथ मुख्यमंत्री ने पिछले जाट आदोलन के दौरान शहीद हुए लोगों के परिवारों को नौकरी, दस-दस लाख रुपए आर्थिक मदद देने व मुकदमे वापिस करने का आश्वासन दिया था उसे पूरा करें। एक अन्य प्रश्र के उतर में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा आंदोलनकारियों के साथ किए गए वादों को पूरा करने की मांग वे विधानसभा में पूरे जोर शोर से उठाएंगे ताकि सरकार को अपने वायदे पूरे करने के लिए बाध्य किया जा सके। वहीं उन्होंने गुडग़ांव में हुए जमीन घोटाने को लेकर कहा कि इसकी जांच हर हाल में होनी चाहिए ताकि अपने आपको ईमानदार कहने वाली सरकार का असली चेहरा जनता के सामने आ सकें। इनेलो नेता ने कहा कि कांग्रेस के घोटालों को उजागर करने हेतू हमने चार्जशीट तैयार की थी वैसी ही चार्जशीट भाजपा सरकार के खिलाफ तैयार करेंगे ताकि जनता को भाजपा सरकार की सच्चाई का पता चल सके। इस दौरान उनके साथ पूर्वमंत्री भागीराम, जिलाध्यक्ष धर्मवीर नैन, विनय श्योरण, महेन्द्र बाना, नन्द लाल सरपंच, हरपाल कासनियां, सुभाष हंजीरा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।





No comments:
Post a Comment